लड़ाइयाँ-3 - प्रेमचन्द गांधी

प्रेमचन्द गांधीप्रेमचन्द गांधी26 Sept 1967

8 min read · 12.4K reads

लड़ना इन्सान की फितरत है
आदिम काल से ही लड़ता आया है वह
पेट भरने और जान बचाने से
शुरू हुई थी इन्सान की लड़ाई
जिसमें वक़्त के साथ
ना जाने कितनी इच्‍छाएँ जुड़तीं चली गईं
और इन्सान हर चीज़ के लिए लड़ता रहा
हर लड़ाई में हथियार चाहिए
इसलिए हर तरह के हथियार बनाए गए
मनुष्‍य की समूची प्रतिभा जैसे
हथियार खोजने में ही खर्च हो गई
जब हथियार नाकाफ़ी पड़ गए
विचारों की लड़ाई शुरु हुई
अपने ही विचार को महान सिद्ध करने की लड़ाई
जो विचार उपजे थे
लड़ाई के खिलाफ़ शान्ति के लिए
उन्‍हें भी ज़रूरत महसूस हुई कि
शान्ति के लिए भी होनी चाहिए सेना
तभी दबाया जा सकता है
अशान्ति फैलाने वाले विचारों को
और बन गई शान्ति सेनाएँ
लड़ाई के सौदागरों ने कहा और
दार्शनिक जुट गए
सिद्ध कर दिया गया कि
सेनाएँ सिर्फ़ शान्ति के लिए ही होती हैं
मैं चुपचाप क़िताब पढ़ते हुए
कविता लिखने का समय चाहता हूँ
एक स्‍त्री परिवार के साथ
आराम से रहना चाहती है
एक प्रेमी युगल सुकून की तलाश में है
इस सबके लिए शान्ति सेना चाहिए
कितनी अजीब बात है ना
धरती की सारी हरियाली
सेना की वर्दियों में गुम हो गई है
और पृथ्‍वी का नीला-आसमानी-ख़ाकी सौंदर्य
पुलिस के पास जमा है

कोई बताए
मैं उस पृथ्‍वी का क्‍या करूँगा
जिसका हरा, नीला, आसमानी और ख़ाकी रंग
हथियारों के साये में जमा कर दिया गया है
बचा ही क्‍या है अब पृथ्‍वी पर
रंगों के रूप में
एक धूसर बियाबान के सिवा
इसलिए अब मेरी लड़ाई उन रंगों के लिए है
अब मुझे भूख, प्‍यास और प्राणों से कहीं ज्‍यादा
धरती के असली रंगों की ज़रूरत है ।
प्रेमचन्द गांधी
About the poet

प्रेमचन्द गांधी

View profile & all 66 Poems / Stories