आभास - प्रदीप जिलवाने

प्रदीप जिलवानेप्रदीप जिलवाने1 Sept 1978

4 min read · 12.4K reads


तुम्हारे आने से पहले हो जाता है
मुझे तुम्हारे आने का आभास

दहकती देह पर कोई ठण्डे जल के
छींटे मारे ज्यों, तड़कती हैं त्यों
मेरी आत्मा की हरेक बूँद
बढ़ जाता है वेग स्पन्दन का
और तीव्र हो जाती है स्वाँस।

समय-असमय की हिचकियाँ
खोल देती हैं बन्द द्वार स्मृतियों के
यकायक जैसे कोई विरहन
करने लगती हो सोलह श्रृंगार
सुगन्धित हो उठता है निवास

कभी बाँयी आँख का फड़कना
कभी कौवे की छत पर काँव-काँव
तमाम तरह के शुभ संकेतों से
जैसे प्रकृति कर रही हो इंगित
जैसे बँध रही हो फिर आस

तुम्हारे आने से पहले हो जाता है
मुझे तुम्हारे आने का आभास।
00
प्रदीप जिलवाने
About the poet

प्रदीप जिलवाने

View profile & all 55 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like