प्रेम में पड़ी लड़की-2 - प्रदीप जिलवाने

प्रदीप जिलवानेप्रदीप जिलवाने1 Sept 1978

4 min read · 12.4K reads

प्रेम में पड़ी लड़की
अपने में निर्लिप्त
बतिया रही है देर से मोबाइल पर
बस स्टॉप की असुविधा को ठेंगा दिखाते हुए

रास्ता उसे घूर रहा है
गोया जैसे वह घूरे पर खड़ी हो!
हवा में बेपरवाही से लहरा रहा है उसका दुपट्टा
किसी अजान विजय पताका की तरह
और उसकी महक
अफ़ीम के टोटे की तरह फैल रही है।

प्रेम में पड़ी लड़की नहीं जानती
उसकी अतिरिक्त सतर्कता
लापरवाही में कब हो जाती है तब्दील
दुनिया अनुभवी है
ताड़ लेती है
अगल-बगल के बंद दरवाज़ों वाले घरों में खिड़कियाँ हैं
दरवाज़ों से बड़ी खिड़कियाँ हैं
लड़की भूल गई थी
क्या-क्या याद रखे प्रेम में पड़ी लड़की!
प्रदीप जिलवाने
About the poet

प्रदीप जिलवाने

View profile & all 55 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like