कैलेण्डर पर मुस्कुराती हुई लड़की - प्रदीप जिलवाने

प्रदीप जिलवानेप्रदीप जिलवाने1 Sept 1978

5 min read · 12.4K reads

मैंने देखा उसकी आँखों में एक अजीब-सी गमक है
आधुनिक बाज़ार की चकाचौंध से उपजी हुई।
एक शहरी चुनौती है
जो उसकी अधखुली देह से दमक रही है
और लगभग पारदर्शी कपड़ों से
छन कर पसर रही है पूरी दीवार पर।

कैलेण्डर पर मुस्कुराती हुई लड़की
अपनी देह की सुंदरता के दर्प में नहीं मुस्कुरा रही है
और ना ही इस आशय से कि
इस तरह वह कोई यौनिक तृप्ति या सुख पा रही है।

कैलेण्डर पर मुस्कुराती हुई लड़की
की मुस्कुराहट के रहस्य
इतने सीधे-सरल भी नहीं हो सकते
या उसे इतने साधारण अर्थों में नहीं लिया जा सकता
कि-‘वह अपनी इस मुस्कुराहट की
बाकायदा तय कीमत पा रही है।’
इतने फीके या स्वादहीन भी नहीं हो सकते
इस मुस्कुराहट के रहस्य

कैलेण्डर पर मुस्कुराती हुई लड़की
मुस्कुरा रही है और मुस्कराते हुए उसके होंठों पर
एक किस्म का आमंत्रण है
और यह आमंत्रण
उसकी देह में समाने का नहीं
उसकी देह पर चुपड़े ‘प्रोडक्ट’ तक जाने का है।
प्रदीप जिलवाने
About the poet

प्रदीप जिलवाने

View profile & all 55 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like