तनी हुई गर्दनें
----------------
तनी हुई गर्दनें इस्पात की बनी हुई नहीं होतीं
कमज़ोर गर्दनें जब तन जाती हैं
इस्पाती हो जाती हैं
तलवार के एक ही वार से
खच से कट जाती हैं
तनी हुई गर्दनें भी
तनी हुई गर्दनों से भी
फूटते हैं लहू के फव्वारे
आम गर्दनों की तरह
उनकी नसों में भी कोई अन्य प्रवाही नहीं होता!
तनी हुई गर्दनों पर वार करते हुए
काँप जाता है जल्लाद
साँसें फूल जाती हैं तलवार के भार से
लहू जब बहता है तनी हुई गर्दनों के कटने से
उसकी बूँदें छिटककर
बहुत दूर सिवानों में गिरती हैं
जहाँ अक्सर नदियाँ बहने से घबराती हैं
तनी हुई गर्दनों के लहू की बूँदें
ऊसर को उपजाऊ बनाती हैं
कवियों की गवाही
अदालतें स्वीकार करें या अस्वीकार
कवि साक्षी होता है
हर काल में पायी जाती हैं तनी हुई गर्दनें
दुनिया के किसी भी कोने से
दुनिया के किसी भी आततायी का इतिहास देख लें आप
भरमार मिलेंगी
तनी हुई गर्दनों की अमर गाथाएँ !








