घर से बाहर पाँव रखा , तालाब मिला
ग़म की आंधी, साजिश का सैलाब मिला
अलमारी में सभी किताबें रेज़ा थीं
नहीं सलामत सूखा एक गुलाब मिला
एक नहीं , हम सबकी सूनी आँखों में
खण्डहरों के मलबों जैसा ख़्वाब मिला
दरवाज़े पर सीना ताने प्रश्न खड़ा था
घर में दुबका दहशत ज़दा ज़वाब मिला
बदहाली में भूखा , नंगा गलियों में
इक रोटी को लड़ता हुआ शबाब मिला








