मैं नहीं जानता मैं कैसा हूँ
सीधा-सादा या चालाक
अच्छा या बुरा
साधारण बुद्धि वाला या समझदार
मैंने कभी नहीं सोचा
मैं कभी भी नहीं रहा
किसी की स्पर्धा में
मैं वही करता रहा
जो मेरे लिए सहज था
मेरी नहीं रही कभी कोई व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा
जो हुआ, होता रहा
मैंने नहीं गिराया किसी को
चलते चलते
आगे बढ़ने के लिए
मैंने कभी भी छलांगें नहीं लगाई
मैं बिना दौड़े भागे चलता रहा
कभी तज़ुर्बेकारों द्वारा बनाए रास्ते पर
कभी पगडंडियाँ बनाते हुए
मैं नहीं जानता राजपथ
राजपथों से दूर रहने का ग़म नहीं मुझे
मैंने जानबूझकर पृष्ठभूमि में रहना नहीं चाहा
पर केन्द्र में जगह बना लेने की ख़्वाहिश नहीं रही कभी
हासिए में रहा , तो रहा
चीख़-चीख़ कर लोगों का ध्यान आकृष्ट नहीं किया कभी
डपट कर अपनी बात सुनाना
मुझे कभी अच्छा नहीं लगा
अपने वाज़िब क्रोध पर कभी पश्चाताप नहीं हुआ मुझे
न ही रोने पर शरमाया
कर्मफल के आध्यात्मिक सिद्धांतों में आस्था न होने के बावजूद
झूठ बोलने पर
मन इस आशंका से भर जाता है कि
सज़ा ज़रूर मिलेगी मुझे
इस अपराध के लिए
किसी के साथ कभी
जाने अनजाने हो गए अनुचित आचरण पर
आत्मग्लानि से
कई दिनों तक मुक्त नहीं हो पाता
बहुत बड़ी नहीं
किसी अद्वितीय तरीके से भी नहीं
पर मैं जीता रहा हूँ
सत्य और न्याय वाली
एक आदरणीय जिंदगी
बिना बड़े दावे के !








