भेड़िया मनुष्य का शिकार कर ले
तो भी वह
मनुष्य का भाग्यविधाता नहीं हो जाता
बहुत सारे पुरोहितों की घोषणाएं भी
भेड़िए को
ईश्वर नहीं बना सकतीं
हालांकि भेड़िए शिकार के लिए
जब भी जाते हैं
ईश्वर का चेहरा पहनकर जाते हैं
जंगल में वे खुद को
ईश्वर का प्रतिनिधि बताते हैं !
लेकिन जंगल का एक-एक प्राणी जानता है
शिकारी ताक़तवर होता है
श्रेष्ठ नहीं !
और शिकार हो रहे जीवधारी
भेड़ियों की
खूराक तो हो सकते हैं
फसल नहीं !
भेड़ियों के निज़ाम में
मनुष्यों के समुदाय
खाद्य होते हैं
किंतु खाए जाते समय भी वे
निरीह नहीं होते ।
मनुष्य के लिए
मनुष्य को मनुष्य
और भेड़िए को भेड़िया मानना ज़रूरी होता है
भेड़ियों के निज़ाम में
सबसे ज़रूरी होता है
भेड़ियों को
ईश्वर का प्रतिनिधि न मानना।








