इश्क़ की ख़ूबी कहूँ क्या आश्ना
जान का दुश्मन है दिल का आश्ना
बहर-ए-उल्फ़त से किनारा ख़ूब है
खा गया ग़ोता तो डूबा आश्ना
रोज़-ए-बद से डर कि हो जाते हैं फिर
दोस्त दुश्मन आश्ना ना-आश्ना
दहर में कमयाब क्या नायाब हैं
कीमिया दरवेश सच्चा आश्ना
शाग़लान-ए-इश्क़ का ये दर्द है
या मुहिब या मेहरबान या आश्ना
पाक उल्फ़त हो तो फिर क्या ऐ रक़ीब
आश्ना है आश्ना का आश्ना
दो समझना साफ़ है बे-वहदती
एक ही बेगाना हो या आश्ना
हम तो दिल से नेक समझे हैं तुम्हें
तुम बुरा कहते हो अच्छा आश्ना
दिल जले क्या क्या नहीं कहते तुम्हें
बे-मुरव्वत बेवफ़ा ना-आश्ना
आओ जी दिल खोल कर मिल लीजिए
ज़िंदगी का क्या भरोसा आश्ना
क़ुल्ज़ुम-ए-इश्क़ एक तूफ़ाँ-ख़ेज़ है
डूबे इस दरिया में सदहा-आश्ना
कहिए तो कह दूँ हज़ारों में ये बात
है 'नसीम' इक गुल-बदन का आश्ना








