ऐ ज़िंदगी मुझे तिरा कोई तो अब सिरा मिले
कि किस नगर मिलेगी तू कोई तो अब पता मिले
किसी की याद ने हमें तो ख़ुद से दूर कर दिया
बस अपने आप से हमें कोई तो अब जुदा मिले
न जिन की हिचकियों को कोई शाना आज तक मिला
उन्ही के आँसुओं को भी कोई तो अब जगह मिले
बस अपने बाम-ओ-दर से हम ना आश्ना रहे सदा
कोई तो राहबर मिले कोई तो अब ख़ुदा मिले
जो थक गए हैं दर-ब-दर वफ़ा तिरी तलाश में
ज़मीं की गोद में उन्हें कोई तो अब जगह मिले
कोई जुनूँ से जा कहे मुझे न अब तलाश कर
कि आगही के दश्त में कोई तो अब सदा मिले
उजड़ चुकीं हैं बस्तियाँ बसेंगी, किस तरह भला
वफ़ा के दर से बस हमें कोई तो अब दवा मिले
हैं एक जैसे अक्स और एक सी सरिश्त बस
हुजूम है हुजूम में कोई तो अब जुदा मिले








