पूछती हूँ तुम्हें इक सवाल आज मैं
पूछती हूँ वो लम्हे कहाँ हैं भला
जो तिरे पास थे
जो मिरी आस थे
मेरे लम्हे भला धूल कैसे हुए
ख़्वाब वो वक़्त की धूल कैसे हुए
कैसे बुझने लगे थे सितारे सभी
कैसे जुगनू अँधेरों में ख़ुद खो गए
तितलियाँ फूल से दूर कैसे हुईं
अब्र से आग कैसे बरसने लगी
ज़िंदगी किस लिए मुझ पे हँसने लगी
एक शहनाई में दब गईं सिसकियाँ
सोग की कैफ़ियत वक़्त मातम-कुनाँ
हर तरफ़ शोर था हर तरफ़ थी फ़ुग़ाँ
बेबसी के वो लम्हे थे ना-मेहरबाँ
हो रही थी रक़म इक नई दास्ताँ
ऐसे लम्हात में सो गए तुम कहाँ
छोड़ कर मुझ को मक़्तल में तन्हा भला
सो गए तुम कहाँ
ऐ मिरे मेहरबाँ








