हम तो उस कूचे में घबरा के चले आते हैं

मुसहफ़ी ग़ुलाम हमदानीमुसहफ़ी ग़ुलाम हमदानी

1 min read · 12.4K reads

हम तो उस कूचे में घबरा के चले आते हैं

दो क़दम जाते हैं फिर जा के चले आते हैं

हम को ऐ शर्म टुक अब उस की तरफ़ जाने दे

हाल अपना उसे दिखला के चले आते हैं

दिन को ज़िन्हार ठहरते नहीं हम उस कू मैं

रात को मिलने की ठहरा के चले आते हैं

वो अदा-कुश्ता ठहरता नहीं फिर मक़्तल में

लाश को जिस की वो ठुकरा के चले आते हैं

मैं भरोसे ही में रहता हूँ तिरी ज़ुल्फ़ों में

यार मेरे मुझे फँसवा के चले आते हैं

वो जो मिलता नहीं हम उस की गली में दिल को

दर-ओ-दीवार से बहला के चले आते हैं

जाते हैं कूचे में हम उस के तो वाँ ग़ैर को देख

फिर न आने की क़सम खा के चले आते हैं

क़ैदी मर जाते हैं जब आप कभी ज़िंदाँ के

क़ुफ़्ल दरवाज़े को लगवा के चले आते हैं

छूटते हैं जो असीरान-ए-क़फ़स गुलशन में

क्या ही पर शौक़ से फैला के चले आते हैं

ग़ैर जब वस्ल का करता है सवाल उन से तो वे

कैसे महजूब हो दम खा के चले आते हैं

रह-रवान-ए-सफ़र-ए-बादिया-ए-इशक़ ऐ वाए

क़ाफ़िले राह में लुटवा के चले आते हैं

मैं तो समझा था बुझावेंगे कुछ आँसू तुफ़-ए-दिल

ये तो और आग को भड़का के चले आते हैं

साथ मय्यत के मिरी वो नहीं चलते दो क़दम

बस वहीं नाश को उठवा के चले आते हैं

दिल की बेताबी से जाते तो हैं हम उस कू में

लेक इस जाने से पछता के चले आते हैं

बद्रक़ा गर नहीं अहबाब तो फिर क्यूँ पस-ए-मर्ग

ता-बा-मंज़िल मुझे पहुँचा के चले आते हैं

'मुसहफ़ी' के तईं देखें हैं जो वो कुश्ता पड़ा

पास जाते नहीं शर्मा के चले आते हैं

मुसहफ़ी ग़ुलाम हमदानी
About the poet

मुसहफ़ी ग़ुलाम हमदानी

उपनाम : 'मुसहफ़ी' मूल नाम : शेख़ ग़ुलाम हमदानी जन्म : अमरोहा, उत्तर प्रदेश निधन : लखनऊ, उत्तर प्रदेश संबंधी : मुज़फ़्फ़र अली असीर (शिष्य), हैदर अली आतिश (शिष्य) LCCN : n85030564 ये हैं ग़ुलाम हमदानी मुसहफ़ी, जिनके काव्य परिचय के लिए ये अशआर काफ़ी हैं; शब-ए-हिज्र…

View profile & all 51 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like