दिल तो कहता है न घबराइएगा
ज़ुल्फ़ कहती है हवा खाइएगा
ग़ैर और दीद-तलब मिस्ल-ए-कलीम
कहीं बातों में न आ जाइएगा
छू के वो मुसहफ़-ए-रुख़ हज़रत-ए-दिल
कोई सलवात न सुनवाइयेगा
बेवफ़ा ग़ैर तुम्हें कहता है
मुझे नासेह से न लड़वाइयेगा
क्यों परेशाँ हो ख़म-ए-गेसू पर
दिल जो उलझे तो न सुलझाइएगा
बख़्त-ए-ख़ुफ़्ता की तो आँखें खुल जाएँ
ख़्वाब ही में नज़र आ जाइएगा
वार ख़ंजर का न ओछा रह जाए
ऐ दम-ए-क़त्ल न घबराइएगा
हो चुका ग़ैर से तो वादा-ए-वस्ल
कुछ मिरे हक़ में तो फ़रमाइएगा
मैं उठा कर तुम्हें दिल में रख लूँ
घर से बाहर कहीं मिल जाइएगा
हैरत-ए-हुस्न से बिगड़ी सूरत
मुझे आईना न दिखलाइएगा
झूटी बंदिश मुझे सब है मालूम
बात नाहक़ को न खुलवाइगा
'शो'ला' कुछ बात भी है ता'ना-ए-ग़ैर
यूहीं मरना है तो मर जाइएगा








