नाव तन्हा है और भँवर तन्हा
मैं भी तन्हा मिरा सफ़र तन्हा
महफ़िलें मेरे पीछे आएँगी
मैं चली जाऊँगी मगर तन्हा
बज़्म में ज़हर मैं ने पी तो लिया
झेलती हूँ मैं अब असर तन्हा
राज़ की बात खुल न जाए कहीं
उस से कहना मिरी ख़बर तन्हा
कारवाँ जिस तरफ़ से गुज़रा था
देखती हूँ मैं वो डगर तन्हा








