पत्थरों के दरमियाँ क्या क्या फ़साने रख दिए
क़ैद कर के हम ने लम्हों में ज़माने रख दिए
भीगी पलकें उस के दामन से लिपट कर कह गईं
उम्र की राहों में हम ने ये ख़ज़ाने रख दिए
हिजरतों के ज़ख़्म सारे एक पल में भर गए
अपने बाज़ू उस ने जब मेरे सिरहाने रख दिए
जागती आँखें हैं मैं हूँ और उजालों का सफ़र
ख़्वाब जब से उस ने पलकों पर सुहाने रख दिए
ज़ेहन की दीवार पर उतरे हैं माज़ी के परिंद
ख़्वाहिशों के फिर किसी ने छत पे दाने रख दिए
किस के चेहरे पर लिखी है दास्ताँ किस की 'नसीम'
हम ने सब के सामने आईना-ख़ाने रख दिए








