हवा के दोश पे किस के पयाम आते हैं
हमारे घर के दर-ओ-बाम महके जाते हैं
मैं सूखी डाल हूँ लेकिन तुम्हारी यादों के
परिंदे आ के सर-ए-शाम बैठ जाते हैं
हमारी आँखों में यूँ इंतिज़ार रौशन है
नदी में जैसे कई दीप झिलमिलाते हैं
चली हैं दौर-ए-तरक़्क़ी की आँधियाँ क्या क्या
शराफ़तों के दर-ओ-बाम टूटे जाते हैं
धुँदलका शाम का छाने लगा है सोचती हूँ
कि इस समय तो परिंदे भी लौट आते हैं
ये ज़िंदगी वो कड़ी धूप है 'नसीम' यहाँ
न जाने कितने हरे पेड़ सूख जाते हैं








