जल उठा दाग़-ए-तमन्ना का दिया शाम ढले
और एहसास-ए-अलम तेज़ हुआ शाम ढले
लाए पैग़ाम तिरा मौज-ए-हवा शाम ढले
अक्स आँखों में उतर आए तिरा शाम ढले
जागती आँखों में फिर जाते हैं क्या क्या मंज़र
जब सरकती है ख़यालों की रिदा शाम ढले
दस्तकें देती है एहसास के दरवाज़े पर
एक अंजान सी बे-नाम सदा शाम ढले
फिर दबे पाँव चली आई किसी की ख़ुशबू
फिर महकने लगी कमरे की फ़ज़ा शाम ढले
हो न ये उस के तग़ाफ़ुल का कहीं रद्द-ए-अमल
जागने लगती है क्यों मेरी अना शाम ढले
नर्म मख़मल के बिछौने भी न दे पाए 'नसीम'
गोद में माँ की जो आता था मज़ा शाम ढले








