मेरे बच्चे

बिपनप्रीतबिपनप्रीत

1 min read · 12.5K reads

मेरे बेटे

ये आशीर्वाद देने वाले हाथ

तेरी नन्ही सोच के आकार से छोटे हैं बहुत

तुम मेरे भीतर कोलाहल-सी

अबोली ख़ामोशी हो

मेरी हर डाँट तेरी भयभीत आँख की गुनहगार है

मैं अपने सुलगते सफ़र की पदचाप

तेरी सोच के कैनवास पर चित्रित करना चाहती

भले ही तुम्हारे अस्तित्व के एहसास ने

मेरे मन के आकार का

अहं की सीमाओं तक विस्तृत कर दिया है

मेरी आँखों में जब भी तेरा चेहरा

उभरता है

सपनों के बीज फूटते-उभरते हैं

मेरे पास तुम्हारे चिंतन के आकार की

कोई बात नहीं

भले ही लंबी रातों में

अपनी छाती की उष्णता में

तुम्हारे ठिठुरते अंगों को

समेट लेना चाहती हूँ

मन चाहता है

संबंधों की कजलाई चिमनी

दिखा दूँ तुम्हें अभी

लेकिन मैं तेरी आँखों में कालिख नहीं

सपनों का इंद्रधनुष देखना चाहती हूँ

जिसे जुटाने के लिए

आकाश-सी ऊँचाई

क्षितिज जैसी विशालता चाहिए

मैं कभी नहीं चाहती

कि मेरा ग़ुस्सा

किसी सांस्कृतिक कहावत की तरह

घी की खुराक हो लेकिन

तुम्हारे बराबर के आशीर्वाद जितने हाथों में

कुछ तो घुटन होगी अपने अनुभव की

मेरे बेटे!

इस घुटन को समझने के लिए

तुम्हारी अपनी नज़र में

अपने माथे की आग का आलोक ज़रूरी नहीं

मेरे पुत्तर, ज़रूरी नहीं।

बिपनप्रीत
About the poet

बिपनप्रीत

बिपनप्रीत

View profile & all 2 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like