कोई बाहर से आता है
कोई अंदर है।
कोई भाषा ले आता है
कोई गूँगा है
कोई गीत गाता है
कोई बहरा है।
किसी के अंदर क्या बुझा है
कोई सोचता है ढूँढ़ा जाए
कोई बुझी आँखों से
किसी को दिखलाता है
ज़मीन आसमान के रंग।
कोई थका लौटता
कोई सोच बुनता है।
किस ने किसको कितना समझा
किसी के जाते ही किसी की दुनिया से
ग़ायब हो जाता किस और किस का निजी इतिहास
बंद होते ही खिड़की
बंद हो जाते
पेड़ आसमाँ फूलों के बाग़।
किसी की ज़िंदगी बहुत क़रीब होती है
कोई ज़िंदगी से बहुत दूर होता है।








