कली खिल उठती है दिल की तुम्हारा नाम आते ही
तुम्हारी याद में खो जाती हूँ मैं शाम आते ही
भले कितना ही मुरझाया हुआ हो मेरा ये चेहरा
बदल जाती है रंगत उन का इक पैग़ाम आते ही
हर इक इल्ज़ाम जिन के सर का अपने सर लिया मैं ने
वही मुँह फेर बैठे मेरे सर इल्ज़ाम आते ही
हमारा ठीक होना अब हमें मुमकिन नहीं लगता
बिगड़ उठती है फिर हालत ज़रा आराम आते ही
'किरन' बेकार तू उस के लिए आँसू बहाती है
जो बिल्कुल ग़ैर बन जाता है तेरा नाम आते ही








