फूल पत्थर में खिल उठा है क्या
प्यार मुझ से उसे हुआ है क्या
अपनी ज़िद से वो कुछ हटा है क्या
मेरे बारे में कुछ कहा है क्या
उस से पूछूँ तो किस तरह पूछूँ
वो मुझे चाहने लगा है क्या
बार बार आ रही है कानों में
ज़िंदगी ये तिरी सदा है क्या
पढ़ रहे हो किताब की सूरत
मेरे चेहरे पे कुछ लिखा है क्या
ऐसा लगता है कुछ सुना मैं ने
आप ने मुझ से कुछ कहा है क्या
मुझ को कब से है जुस्तुजू अपनी
मैं कहाँ हूँ तुम्हें पता है क्या








