फटी हुई कॉपी

खेमकरण ‘सोमन’खेमकरण ‘सोमन’2 Jun 1984

1 min read · 12.4K reads

फटी हुई कॉपी

कभी विलाप -चीत्कार शोर नहीं करती

कि कई जगह से कट-फट चुकी हूँ

या अब नहीं है मेरे साथ मेरा मुखपृष्ठ

फटी हुई कॉपी में

दिख जाते हैं कई जगह अधफटे पृष्ठ

परंतु उन्हें रत्तीभर भी शिकायत नहीं—

जिन्होंने जान-बूझकर ईर्ष्यालु भाव से

या भूलवश ही फाड़ दिए हैं उनसे

या अपनी ज़िंदगी से

फटी हुई कॉपी जानती है—

अगर वह लाला-बनियों के पास है

तो उसका कुछ और अर्थ है

बस, ट्रक ड्राइवरों के पास है

तो उसका कुछ और अर्थ है

स्कूल जा रहे बच्चों के पास है

तो उसका कुछ और अर्थ है

लेबर-मज़दूर, मोची, नाई

रिक्शेचालक, किसानों के पास है

तो उसका कुछ और अर्थ है

सब्जी वाले -ठेले वाले

चाय वाले, ढाबे वाले

या कामगार स्त्रियों के पास है

तो उसका कुछ और अर्थ है

फटी हुई कॉपी कई बार

धूल-मिट्टी, गंध में इस प्रकार लिपटी होती है

कि याद आ जाते हैं क़स्बे, गाँव-गली, आँगन में

खेलते-कूदते, उछलते

मिट्टी में लिखते-पढ़ते बच्चे

फटी हुई कॉपी,

कोई चीर-फाड़कर फेंक दे

या नष्ट कर दे- यह अलग बात है

लेकिन फटी हुई कॉपी ने ख़ुद को कभी

चीरा-फाड़ा या नष्ट किया हो

ऐसे उदाहरण न पृथ्वी पर देखने को मिले

न कभी अन्य ग्रहों पर,

हाँ, तब भी नहीं जब वह बिलकुल नई थी

फटी हुई कॉपी,

जानती है कि जब तक है ज़िंदगी

किसी ईमानदार व्यक्ति की तरह उसे

देते रहना है—शब्द, अर्थ, वाक्य, समय

और एक-एक पैसे का हिसाब—

सही से और सदैव।

खेमकरण ‘सोमन’
About the poet

खेमकरण ‘सोमन’

नई पीढ़ी के कवि-लेखक। 'नई दिल्ली दो सौ बत्तीस किलोमीटर' चर्चित कविता-संग्रह। मूल नाम : खेमकरण ‘सोमन’ जन्म : 02/06/1984 | नैनीताल, उत्तराखंड

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

मुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयामैं मोहतरम हुआ तो ज़माने से कट गया— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजप्रतिज्ञाप्रतिज्ञाएँ बहा दो पानी में लड़कीप्रतिज्ञाएँ बहाओ पानी में;— बीरेंद्र चट्टोपाध्यायभूमिहीनभूख के शिकार पर निकले ये शिकारीएकदम मुकम्मल आदमी हैं— हुकुम ठाकुरआओ मिट्टी-मिट्टी खेलेंहमें आँतों से सोचना होता हैसुबह और शाम की पालियों में कटता दिन— हुकुम ठाकुर