जो अपने घर में बैठा हुआ था निश्चिंत
उस पर हुआ पहला अटैक
जो बोलना चाहता था लेकिन बोल न पाया
उस पर हुआ दूसरा अटैक
जो बोल रहा था
माँग रहा था हिसाब अपने समय-समाज से
उसकी कॉलर-कमीज़ और कान पकड़कर
उस पर हुआ तीसरा अटैक
मारे सभी गए
बचा कोई नहीं अपने हालातों से बचकर
इस प्रकार की कई कथाएँ हैं
लेकिन नदी ने जब भी कोई कथा सुनाई
तीसरे अटैक की ही कथा सुनाई
नदियाँ भी
याद रखती हैं समय और संघर्ष की कथाएँ।








