रिमझिम-रिमझिम पानी बरसे - कमलेश द्विवेदी

कमलेश द्विवेदीकमलेश द्विवेदी25 Sept 1960 – 17 Sept 2021

4 min read · 12.4K reads

रिमझिम-रिमझिम पानी बरसे, झम-झम-झम-झम पानी बरसे।
लगता है अनगिन फौव्वारे जल बरसाते हैं ऊपर से।

चम-चम-चम-चम चमके बिजली,
घड़-घड़-घड़-घड़ गरजे बादल।
मेरी नज़र जिधर भी आती,
उधर दीखता है जल ही जल।
जाने कितना जल ये बादल लेकर आये हैं सागर से।
रिमझिम-रिमझिम पानी बरसे, झम-झम-झम-झम पानी बरसे।

भीग रही हैं मोटर-कारें,
भीग रही हैं सड़कें सारी।
भीग रहा मेरा घर-आँगन,
भीग रही फूलों की क्यारी।
सराबोर होकर लौटे हैं मेरे पापा जी दफ्तर से।
रिमझिम-रिमझिम पानी बरसे, झम-झम-झम-झम पानी बरसे।

मन करता है घर से बाहर,
जाकर मैं भी ख़ूब नहाऊँ।
फिर काग़ज़ की नाव बनाकर,
उसको पानी में तैराऊँ।
पर मम्मी जी नहीं निकलने देतीं मुझको बाहर घर से।
रिमझिम-रिमझिम पानी बरसे, झम-झम-झम-झम पानी बरसे।
कमलेश द्विवेदी
About the poet

कमलेश द्विवेदी

View profile & all 176 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like