तमकुही कोठी का मैदान - जितेन्द्र श्रीवास्तव

जितेन्द्र श्रीवास्तवजितेन्द्र श्रीवास्तव8 Apr 1974

9 min read · 12.4K reads

तमकुही कोठी निशानी होती
महज सामन्तवाद की
तो निश्चित तौर पर मैं उसे याद नहीं करता

यदि वह महज आकाँक्षा होती
अतृप्त दिनों में अघाए दिनों की
तो यक़ीनन मैं उसे याद नहीं करता

मैं उसे इसलिए भी याद नहीं करना चाहता
कि उसके खुले मैदान में खोई थी प्राणों-सी प्यारी मेरी सायकिल
सन् उन्नीस सौ नवासी की एक हंगामेदार राजनीतिक-सभा में

लेकिन मैं उस सभा को नहीं भूलना चाहता
मैं उस जैसी तमाम सभाओं को नहीं भूलना चाहता
जिनमें एक साथ खड़े हो सकते थे हज़ारों पैर
जुड़ सकते थे हज़ारों कन्धे
एक साथ निकल सकती थीं हज़ारों आवाज़ें
बदल सकती थीं सरकारें
कुछ हद तक ही सही
पस्त हो सकते थे निज़ामों के मंसूबे

मैं जिस तरह नहीं भूल सकता अपना शहर
उसी तरह नहीं भूल सकता
तमकुही कोठी का मैदान
वह सामन्तवाद की क़ैद से निकलकर
कब जनतन्त्र का पहरूआ बन गया
शायद उसे भी पता न चला

ठीक-ठीक कोई नहीं जानता
किस दिन शहर की पहचान में बदल गया वह मैदान

न जाने कितनी सभाएँ हुईं वहाँ
न जाने किन-किन लोगों ने कीं वहाँ रैलियाँ
वह जन्तर-मन्तर था अपने शहर में

आपके शहर में भी होगा या रहा होगा
कोई न कोई तमकुही कोठी का मैदान
एक जन्तर-मन्तर

सायास हरा दिए गए लोगों का आक्रोश
वहीं आकार लेता होगा
वहीं रंग पाता होगा अपनी पसन्द का

मेरे शहर में
जिलाधिकारी की नाक के ठीक नीचे
इसी मैदान में
रचा जाता था प्रतिरोध का सौन्दर्यशास्त्र

वह ज़मीन जो ऐशगाह थी कभी सामन्तों की
धन्य-धन्य होती थी
किसानों-मजूरों की चरण-धूलि पाकर

समय बदलने का
एक जीवन्त प्रतीक था तमकुही कोठी का मैदान
लेकिन समय फिर बदल गया
सामन्तों ने फिर चोला बदल लिया
अब नामोनिशान तक नहीं है मैदान का
वहाँ कोठियाँ हैं, फ्लैट्स हैं
अब आम आदमी वहीं बगल की सड़क से
धीरे से निकल जाता है
उस ओर
जहाँ कचहरी है

और अब आपको क्या बताना
आप तो जानते ही हैं
जनतन्त्र में कचहरी मृगतृष्णा है ग़रीब की ।
जितेन्द्र श्रीवास्तव
About the poet

जितेन्द्र श्रीवास्तव

पिछली सदी के आखिरी दशक में एक धमक की तरह काव्य-परिदृश्य पर उपस्थित हुए कवि जितेन्द्र श्रीवास्तव आज नयी सदी की कविता के सर्वाधिक प्रशंसित और अनिवार्य कवि हैं। बाजारू प्रलोभनों से बचाकर हिंदी कविता को विश्वसनीय बनाए रखने के प्रति सर्जनात्मक सजगता जितेन्द्र को अ…

View profile & all 18 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

कुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजभूमिहीनभूख के शिकार पर निकले ये शिकारीएकदम मुकम्मल आदमी हैं— हुकुम ठाकुरआओ मिट्टी-मिट्टी खेलेंहमें आँतों से सोचना होता हैसुबह और शाम की पालियों में कटता दिन— हुकुम ठाकुरसपनों की लाशेंशायद हम एक ऐसी दुनिया से विदा लेंगे जहाँ,क़ातिल ख़ुद से ही बरी कर लेता है ख़ुद को।— फ़रीद ख़ाँमेरा यह शब्दसमूह(तरुण कवियों के हाथ में)स्वप्न-वाटिका छूकर आते हुए मेरे इन शब्दों में जीवन-धारा की सुषमा— हीरेन भट्टाचार्यपृथ्वी मेरी कवितामेरी क़लम लोहार के हाथ का हथौड़ा, ठोंक-पीट कर बनाता हूँ शब्दकिसान के फाल जैसा पैना; हलरेखा में सोने की सीता,— हीरेन भट्टाचार्य