मानुष राग - जितेन्द्र श्रीवास्तव

जितेन्द्र श्रीवास्तवजितेन्द्र श्रीवास्तव8 Apr 1974

4 min read · 12.4K reads

धन्यवाद पिता
कि आपने चलना सिखाया

अक्षरों
शब्दों
और चेहरों को पढ़ना सिखाया

धन्यवाद पिता
कि आपने मेंड़ पर बैठना ही नहीं
खेत में उतरना भी सिखाया

बड़े होकर
बड़े-बड़े ओहदों पर पहुँचने वालों की
कहानियाँ ही नहीं सुनाईं
छोटे-छोटे कामों का बड़ा महत्त्व बताया
सिर्फ़ काम कराना नहीं
काम करना भी सिखाया

धन्यवाद पिता
कि आपने मानुष राग सिखाया
बहुत-बहुत धन्यवाद
यह जानते हुए भी
कि पिता और पुत्र के बीच
कोई अर्थ नहीं धन्यवाद का
धन्यवाद
कि आपने कृतज्ञ होना
और धन्यवाद करना सिखाया

धन्यवाद पिता
रोम-रोम से धन्यवाद
कि आपने लेना ही नहीं
उऋण होना भी सिखाया

धन्यवाद
धन्यवाद पिता!!
जितेन्द्र श्रीवास्तव
About the poet

जितेन्द्र श्रीवास्तव

पिछली सदी के आखिरी दशक में एक धमक की तरह काव्य-परिदृश्य पर उपस्थित हुए कवि जितेन्द्र श्रीवास्तव आज नयी सदी की कविता के सर्वाधिक प्रशंसित और अनिवार्य कवि हैं। बाजारू प्रलोभनों से बचाकर हिंदी कविता को विश्वसनीय बनाए रखने के प्रति सर्जनात्मक सजगता जितेन्द्र को अ…

View profile & all 18 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like