पी-पीकर मिट्टी का तेल
लोहे के पंछी उड़-उड़कर करें अनोखे खेल
कहीं ये पक्षी उड़ कपोत-से पत्र ठीक पहुँचाएँ
कहीं ये पक्षी एक देश की प्रलय अग्नि को
दूर कहीं ले जाएँ
जहाँ देख लें जीव-जंतु या कुछ आबादी
भूखे बाज़ से घिरकर ये घूमते जाएँ
छोड़ें अग्निबाण
सुनकर रोज़ गूँज इन्हीं की
घरों में नहीं बत्ती जलती, हुआ जगत में अंधकार
धरती घायल, अंबर जख़्मी, कैसे छिपे सितारे
सूर्य छिप गया, दिखता नहीं सवेरा
धुएँ और बारूद में छिपा हुआ श्मशान
रब्ब के पुत्तर जुते इस तरह देखकर
इज़राइल और धर्मराज, मुँह में उँगली दे बैठे
तोपें गरजें, गोले भड़कें
घोराग्नि लपटें बरसाए
बम फट रहे धमाके करके
टैंक दौड़ते खंड-खंड हो
पर्वत, पत्थर, गहरे, ऊँचे
जंगल, दरिया, करते जाएँ साफ़ मैदान
लेकिन, विश्वकर्मा के हाथों
नहीं बनी मशीन ऐसी, जिससे सृष्टि के इंसान
हो जाएँ सब एक समान
हर मनुष्य समझे ग़ैरों में अपने जैसी जान
विल्सन भी कर चुका सभी कुछ
पिछला युद्ध भी रहा अधूरा
किसकी जीत और किसकी हार?
किसी देश की बुद्धि लड़ती
और किसी की माया
किसी देश का रक्त्त लड़ रहा
मज़बूत होती काया।








