शौक़-ए-दीदार मिरा और भी अफ़ज़ा न करें
मेहरबाँ सामने आएँ ज़रा पर्दा न करें
वो तो कुछ हो ही गई तुम से मोहब्बत वर्ना
हम वो ख़ुद-सर हैं कि अपनी भी तमन्ना न करें
फिर न हो जाएँ कहीं दिल में तमन्नाएँ जवाँ
ग़ौर से इतना हमें आप तो देखा न करें
आप के तर्ज़-ए-इनायत से समझ जाएँगे
बरसर-ए-बज़्म हमें आप यूँ रुस्वा न करें
हुरमत-ए-इश्क़ सलामत रहे देखें अपने
जज़्बा-ए-दिल का किसी हाल में सौदा न करें
हम भी बह जाएँ न जज़्बात के धारे में कहीं
हुस्न को अपने किसी तौर हुवैदा न करें
टूट भी सकते हैं 'ज़रयाब' ये नाज़ुक रिश्ते
सामने उस के कभी शिकवा-ए-बेजा न करें








