रोटी

एन. गोपिएन. गोपि

1 min read · 12.4K reads

रोटी आसमान से छूटकर नहीं गिरती

धरती के भीतर की उर्वरता से

पसीने की बूँदों पर चढ़कर आने वाला

भूख का सपना है यह

यह सूखे खेतों की मिट्टी के गीतों पर

ताल देने वाले हाथों में से

चलकर आने वाला कांतिचक्र है यह।

हमारे घर में

पौ फटने का मतलब

रोटी के सूरज का उदित होना

पाँचों उँगलियों को सजाते हुए

हथेलियों की रेखाओं को प्यार से चूमने वाली

(श्रम-स्पर्श का सिद्धांत है रोटी)

गूँधने वाले आटे की

न जाने कौन-सी परत क्या आकार ले ले!

कभी व्यक्त तो कभी ओझल होने वाले

अनगिनत विन्यासों का परिणाम है रोटी।

जब माँ आटा गूँधती थी

ऐसा लगता था कि वह अपने हाथों से

हमारे पेटों को सहला रही है

जैसे ही रोटी तवे पर चढ़ती

हम सब उसे घेरकर बैठ जाते

चिमटे से रोटी सेंकने लगती

तो ऐसा लगता कि वह ध्यान से

रोटी पर ममता का महाकाव्य

लिख रही है

कभी-कभी रोटी के ऊपर

पानी को छींटों के साथ आँसू की बूँदें भी बरसतीं

पर यह सब हम नहीं जानते थे

रोटी का मतलब बस रोटी था

हमने रोटी पर ही अक्षराभ्यास किया

हमेशा के लिए रोटी को

हम अपने सिरों पर

सूरज की तरह धरे हूए हैं।

एन. गोपि
About the poet

एन. गोपि

तेलुगु के प्रतिष्ठित कवि-समालोचक। तेलुगु के 'नानीलु' काव्य-छंद के जनक। साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित।

View profile & all 4 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like