खड्डों से भरा हमारा आँगन
मेरे मन के जैसा है!
कल तक रंगोलियों में हँसता था
चलते क़दमों को हथेलियों पर ले लेता था
दुःख को मुस्कान की भाषा देता था।
आज हमारा आँगन
उस नदी की तरह है जिसे आकाश चुरा ले गया हो
पहले अधलिखी कविताओं को फेंक देने पर
उन्हें सहेजकर वापस लाकर देता था
सड़क जब सीधी प्रवाहित होती थी
हमारा आँगन दहलीज़ पर
दृश्यों का बंदनवार लगा देता था
बच्चे समय से घर नहीं लौटते
तो वह भी मेरे साथ राह में आँखें बिछाए बैठता
मैं कुछ भूल जाता
तो मेरे पैरों को टोकते हुए
वापस घर के अंदर भगाता
कमरे के अंदर होने पर भी
प्रकंपनों से मुझे संदेशा भेजता
और मैं जान लेता
कि आगंतुक मनुष्य है या कोई और।
जिस तरह पर्वतों की प्रतिध्वनि
वादियों में गूँजती है
वैसे ही
हमारा घर आंगन में प्रतिबिंबित होता है।
खिड़कियों से नज़रों के हरसिंगार
जब झरते तो वह फूला नहीं समाता।
ज़मीन पर लिटाए गए मेरे पिताजी को
जब आख़िरी बार उठाया गया तो
कालीन की तरह उठकर विरोध करने लगा
हमारे आँसुओं को सोखकर
अंदर ही अंदर बहने लगा।
मेरे स्वभाव को यह अच्छी तरह जानता है
जब मुझे उदासी घेर लेती है
माँ की साड़ी की सिलवटों में मुँह छुपाने की तरह ही
मैं कविता के अंदर छुप जाता हूँ
हवा के पंखों पर नाचते हुए
वह मेरे गालों को छू लेता है
जब अश्रु गैस और गोलियाँ चलने लगीं
तो वह हथेलियों पर चढ़कर
क्रोध से बंधी मुट्ठी बन गया।
अगर आँगन को चोट लगे
तो घर का क्या हाल होता!
जब पूछता हूँ कि इतनी सारी चोटें कैसे सहता रहा
तो बादलों की पट्टियों से भरे
आसमान की ओर इशारा करता है।
घावों से भरे हमारे आँगन में
न जाने कितने समुद्रों का पानी छिड़कना होगा!
यह आँगन
कभी न बुझने वाला एक सपना है मेरा!








