सभी नेता मिल जाएँ फिर भी
बारिश की एक बूँद बरसा नहीं सकते
इसलिए मैं बादलों को ही प्रणाम करता हूँ!
मानव स्वभाव के प्रभाव से और भी गर्म हुई धूप
राजनैतिक समीकरणों से भरी हुई संध्या
इस उमस में कितना भी तैरने की कोशिश करूँ
किनारा नहीं मिलता
पसीने की चींटियाँ बार-बार झाड़ने पर भी नहीं छोड़तीं
बेढंगेपन से विचरण करो तो
हवा की आकृति घायल हो जाती है
धरती द्वारा आकाश की ओर
किया गया विस्फोट है
बारिश की बूँद
इसलिए मैं समुंदरों को ही प्रणाम करता हूँ!
देखा जाए तो
बारिश की बूँदें भी
अक्षरों जैसी ही हैं
अनुभवों के कोने-कोने से
एक-एक करके टपकती रहती है
इन बूँदों की आँखें होती हैं
नज़रों से अर्थों की वर्षा होती है
लेकिन
जो भीगना नहीं चाहते
वे छतरियाँ खोल लेते हैं।
धधकते सूरज को हम पकड़ नहीं सकते
टिप्पणी करते हैं, बस
चकाचौंध पैदा करती हुई बिजली
कौंध जाती है
मूसलाधार में सब कुछ बह जाता है
बच्चे काग़ज़ की नाव छोड़ रहे हैं
चलिए, उनके साथ खेलें!








