मेरी संपदा

एम. पी. अप्पनएम. पी. अप्पन

1 min read · 12.4K reads

सोने की अशर्फियाँ

ढेर के ढेर

मेरे सामने कल तक

रखी गईं

तब भी

मेरी आँखें नहीं ललचा गईं

कला की मोहन कांति

तब भी

उन्होंने देखी

पीले-पीले

सूरज के प्रकाश में

पीत-पीत कुसुमों में

आज

जगत् के दिल के

भीतर से

बहता है स्नेहामृत

मेरे अंतर को अन्यून।

इस महान

संपदा के द्वारा

मैं आश्चर्य-मुग्ध होकर

प्रथम बार

जानने लगता हूँ

क्या है सचमुच आत्मनिवृत्ति।

सागर की रत्नराशि से बढ़कर

आकाश के समूचे

नक्षत्रों से बढ़कर

भासुर है

जगत् की प्रेम-संपदा

यदि प्रेम का

ऐसा संचार हो आगे भी

तो

भूमि की समता

क्या रख सकेगा स्वर्ग भी?

मैं आज इतना बड़ा कुबेर हूँ

फिर भी

नहीं मुझमें

अहं कहीं भी

केवल हूँ एक बिंदु

विश्व-प्रेम-सिन्धु में!

एम. पी. अप्पन
About the poet

एम. पी. अप्पन

‘महाकवि’ के रूप में सुप्रतिष्ठित मलयाली कवि।

View profile & all 20 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like