प्रशांत तथा सुंदर
नीलाकाश के अविराम आनंद में से
नक्षत्रों का उदय होता है।
सदा सुषमाकार रहने वाली
भूमि के परम आनंद में से
मनोहर फूलों का जन्म होता है।
सागर के दिल में
जब आनंद नहीं समाता
तब वह तरंगों के रूप में
आंदोलित होता है।
ओह,
इस नवोन्मेषकारी जगत् में
सर्वत्र आनंद के स्फुरण होते हैं
चाहे, शोक के कुहरे से थोड़ा
यह विश्व निस्तेज रहे,
फिर भी, इसका मोहक कलेवर
निश्चय ही आनंद सुधामय है।
यदि हमारे दिल की धड़कन भी
विश्व के आनंद-गीत की अनुगूँज हो,
तो, हम क्यों दुःखी होकर रहें?
जीवन का आनंदामृत क्यों न पिएँ?








