ये अनेक वर्ष व्यतीत किए रोते हुए
प्यारी मातृभूमि के लिए
हँसता हूँ, रोता हूँ, चिंतित होता हूँ
बढ़ते कदमों पर मणिपुर के।
ज़्यादा भारी नहीं पृथ्वी का यह टुकड़ा
अधिक ऊँचा नहीं यह आकाश
किंतु मणिपुर! तुम
आदि हो मेरे लिए, नहीं हो अंत।
समझने लगा धीरे-धीरे
अनेक वर्षों बाद
बीतने पर अनेक युग
मैं हूँ तीर्थ-यात्री—
पार कर कई मरुभूमि
लेकर हाथ में छड़ी
प्रकाश की ओर जाने वाला।
नाम नहीं मेरा
जाति नहीं
रूप नहीं
इंसान हूँ मैं तो सिर्फ़
संतान हूँ अमृत की।
माँ मणिपुर, विश्रामस्थली हो तुम
मेरे लिए सिर्फ़ एक रात की
छोड़ना पड़ता है सुबह होते ही
फेंक कर गठरी जीवन की
देखे बिना पीछे मुड़ कर।
लेकिन माँ! हाथ फेर दो एक बार
मेरे सिर पर दो आशीर्वाद
मेरी अनंत यात्रा के लिए दो शक्ति मुझे माँ
पालते हुए भी तुमने
सिर्फ़ एक रात के लिए
फिर देखूँ एक बार
विदा के क्षण
तुम्हारा चेहरा
आँसुओं से भीगा।








