मृत्यु

एलांगबम नीलकांत सिंहएलांगबम नीलकांत सिंह

1 min read · 12.4K reads

हे काल! हे मृत्यु

तुम्हारी प्रतीक्षा में हूँ जीवन भर

बाँध लूँ कस कर भुजाओं में एक बार

अगर पहचान सकूँ तुम्हें।

सोचा, पहचान लिया किसी क्षण

लेकिन बन गई अंधकार

किया प्रयास चिल्लाने का—तुम

नहीं हो अंत, आरंभ हो

एक रूप हो जीवन का

लेकिन बोल नहीं सका

जकड़ गई थी जिह्वा।

कहते हैं योगी-ऋषि

तुम एक रूप हो प्रकाश का

हो प्रकाश अंधकार के मध्य

तुम नहीं हो अंत

जीवन का।

अगर कभी चल सकूँ साथ-साथ

डाल हाथ में हाथ ले गलबहियाँ

समझ सकूँगा जीवन का अर्थ

पहचानते हुए तुम्हें भी।

लेकिन तुम्हें पहचानना

जीत लेना है तुम्हें

पराजय है तुम्हारी

इसलिए जाती हो तुम रास्ता काट कर सदा।

खेलती हो तुम लुका-छिपी

विचारों के साथ मानव के

रहती हो तुम कल्पना के उस पार

अनाकार स्थान पर

आमंत्रित करती हो बाँहों में समेटने हेतु।

प्रतीक्षा में हूँ मैं भी हे मृत्यु!

तुम्हें पहचानने की

बाँहों में समेटने हेतु

जाने की साथ-साथ डाले हाथ में हाथ

प्रकाश के प्रदेश में

हज़ारों सूर्यों के प्रदेश में।

एलांगबम नीलकांत सिंह
About the poet

एलांगबम नीलकांत सिंह

मणिपुरी भाषा के प्रमुख कवि और समालोचक। साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित।

View profile & all 14 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like