गुफ़्तुगू जैसे दुआ होने लगी
हर मुसीबत फिर हवा होने लगी
साँस लेना जब सज़ा होने लगा
मैं 'दुआ' ख़ुद से जुदा होने लगी
आप की बाँहों में जब मैं आ गई
ज़िंदगी से फिर वफ़ा होने लगी
जी रही थी मैं सुकूँ से रात-दिन
इश्क़ में नक़्श-ए-जफ़ा होने लगी
इब्तिदा में मुश्किलें थीं सहल फिर
मुश्किलों की इंतिहा होने लगी
ऐसी क्या आफ़त पड़ी बस्ती पे है
दूधिया नीली फ़ज़ा होने लगी
चल पड़ी थी सू-ए-मंज़िल जब 'दुआ'
इक दुआ सर पर घटा होने लगी








