निर्वासन

डॉ. अजितडॉ. अजित9 Sept 1982

1 min read · 12.4K reads

सोकर उठा तो लगा कि

धरती के सबसे निर्वासित कोने पर

अकेला बैठा हूँ

नींद की थकान के बाद

देख रहा रहा हूँ

जागे हुए चेहरों की उदासी

धरती घूम रही है अपनी गति से

इसका अनुमान लगाने के लिए मैं थम गया हूँ

मेरी गति अब पुराण की गति के बराबर है

जिसे दुर्गति, निर्गति, सद्गति

कुछ भी समझा जा सकता है

अपनी अपनी समझ के हिसाब से

जिस जगह मैं हूँ

वहाँ से एक रास्ता दुनिया की तरफ़ जाता है

एक रास्ता दुनिया की तरफ़ से आता है

मगर मैं जिस पगडंडी पर खड़ा हूँ

वहाँ से दोनों रास्ते अलग नहीं दिखते है

इसलिए मैं देखने की ऊब से

आसमान की तरफ़ देखने लगता हूँ

आसमान मुझसे पूछता है

धरती के इस कोने का तापमान

मगर मेरे पास मात्र अनुमान है

इसलिए छूने से डरता हूँ धरती के कान

जब से सोकर उठा हूँ

मैं नींद को देख रहा हूँ बड़ी हिकारत से

दुबारा सोने से पहले मेरे कुछ डर है

मसलन अगर

इस बार आसमान ने पूछ लिया

मेरा ही द्रव्यमान

तो क्या कहूँगा उसे

फ़िलहाल जिस कोने पर बैठा हूँ मैं

वहाँ से कुछ भी नापा जाना संभव नहीं

मैनें आसमान की तरफ़ कर ली है पीठ

और धरती की आँखों में देख रहा हूँ

अपनी नींद में डूबी आँखें

शायद देखते-देखते फिर आ जाए नींद

और मैं सोते हुए बच सकूँ सवालों से

लेकर कुछ अधूरे सपनों की ओट

नींद और जागने के मध्य

मैं तलाश रहा हूँ वो कोना

जहाँ मैं ख़ुश हूँ ये बताना न पड़े किसी को

और मैं उदास हूँ छिपाना न पड़े किसी से।

डॉ. अजित
About the poet

डॉ. अजित

नई पीढ़ी के सुपरिचित कवि-गद्यकार। मूल नाम : अजित सिंह तोमर जन्म : 09/09/1982 | शामिली, उत्तर प्रदेश

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like