अनुपात

डॉ. अजितडॉ. अजित9 Sept 1982

1 min read · 12.4K reads

हँसते हुए उसकी आँखें मिंच जाती थीं

रोते हुए उसके चेहरे पर रोष नहीं होता था

बोलते हुए वो बातों के अरण्य में

भटक जाती थी

नाराज़गी में वो चुप हो जाती थी

नहीं चलता था पता कि कहाँ है वह

पुकारना होता था फिर उसे

अपनी पूरी गहराई के साथ

चाय पीते वक़्त उसे एक पैर हिलाने की आदत थी

सटकर बैठना उसे नहीं था कोई ख़ास पसंद

उसके हाथ में क़लम होती जब

चश्मा चढ़ा लेती थी वो बालों के ऊपर

बहस में हो जाती वो थोड़ी आक्रमक

कविता सुनकर होती थीं उसकी आँखें नम

चिढ़कर वो नहीं मारती थी कभी व्यंग्य

ये काम ख़ुशी के लिए रखा था उसने

उसकी बातों में बसती थी

बासी रोटी की महक

उसकी योजनाएँ

खट्टी-मिट्ठी चटनी सरीखी थीं

उसके अनुमान होते थे

प्रायः सत्य के निकट

वो जान लेती थी

भूख और प्यास का

ठीक-ठीक अनुपात

ये उसकी कुछ आदतें हैं

जो याद है मुझे अभी तक

जो भूल गया वो एक ख़याल था

जिसमें थोड़ा रंज, थोड़ा मलाल था

उसकी बातें न ख़त्म होने वाली हैं

उन्हें इस कविता की तरह यह सुविधा नहीं

कि ख़त्म हो जाए एकदम से।

डॉ. अजित
About the poet

डॉ. अजित

नई पीढ़ी के सुपरिचित कवि-गद्यकार। मूल नाम : अजित सिंह तोमर जन्म : 09/09/1982 | शामिली, उत्तर प्रदेश

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like