रात होने तक - दिनेश जुगरान

दिनेश जुगरानदिनेश जुगरान26 Sept 1945

5 min read · 12.4K reads

ये क्या वही आँखें हैं
जो थोड़ी देर पहले
मुझे सड़क के किनारे
घूर रहीं थीं

उन आँखों का रंग
शाम होने तक
मेरी दीवारों पर
लिपटे स्लेटी रंग
से मिलता हुआ लगता है

कहीं वे मेरी ही आँखें तो नहीं हैं
जो शाम होने तक
लगने लगती हैं
इतनी भयावह

तुमने सुबह - सुबह
जिस माथे को छूकर
किया था बिदा
घर लौटते वक्त
उस पर लिखी होती हैं
मौत की कई इबारतें
हम आदी हो गए हैं
अपने - अपने
भय के दायरे में
जीने के
रात होने तक
मेरी आवाज भी
उगलने लगती है
अँधेरा

हवाएँ घर की चार दीवारी के बाहर
चौकन्नी
शहर के चौकीदारों के हाथों में
एलान करता हुआ
एक भौपूं है
अँधेरे में छुपी हुई परछाइयों की तलाश में

मेरे पास तुम्हें तसल्ली देने के लिए
कोई शब्द नहीं
तुम सो जाओ बच्चों के साथ
मैं सो जाता हूँ दरवाजे के करीब
दिनेश जुगरान
About the poet

दिनेश जुगरान

View profile & all 16 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like