रुखसत से पहले - दिनेश जुगरान

दिनेश जुगरानदिनेश जुगरान26 Sept 1945

8 min read · 12.4K reads

मैंने ही हर बार
देर की है
निर्णय लेने में
हवा तो कई बार गुजरी
मेरे बहुत करीब से
हाथ थे जिस्म में लिपटे हुए
और मुट्ठियाँ बंद

आवाज़ें भटकती हुई
रोशनी वाले चौराहे से
गुजर कर
मेरी गली की कगार तक
पहुँच गई हैं
एक हत्यारा भी
दाखिल होने वाला होगा
उसकी परछाईं बिखरी हुई है

इस बेजान लम्हे में
तुम मेरे बहुत करीब से भी गुजरो
तो भी
उन हमला करने वाले हाथों को
देख नहीं पाओगे
बचाना तो कभी
तुम्हारी कोशिश में शामिल नहीं था

इस शहर की पुरानी इमारतें
अपने मौन में
किसे याद करती हैं
इनकी आखें कहाँ हैं
कोई भी आवाज क्यों सुनाई नहीं देती
सारी खामोशी मेरी पीठ पर लदी है

एक अजनबी
दीवार के पास खड़ा
मुस्कुरा रहा है
वे लम्हे
जिन्हें मैंने अपना साक्षी बनाया था
मेरी हड्डियों में चुभ रहे हैं

एक गूँगा व्यक्ति
बहुत देर से
मेरे करीब बैठा हुआ है
मेरी आवाज का सारा तिलिस्म
गायब हो चुका है
बहुत सारे चकनाचूर चेहरों के बीच
तुम मुझे साफ दिखाई दे रहे हो

एक तारा
जिसकी आँखें हैं नम
हौले से आवाज देकर
रोकता है मुझे
उसकी मुट्ठियों में बंद है
शायद
रूख्सत से पहले
गुजरा हुआ वक्त
मेरी याददाश्त का फ़रिश्ता
कहीं गुम हो गया है

जब देर रात
देह में उठता है दर्द
तब मेरी आँखों
और होठों का फासला
बहुत कम हो जाता है

मुझे अकेला छोड़ दो
मुझे जाना है
अपने बेतरतीब
और बेवजह बातों के
सिलसिलों को
आगे बढ़ाने के लिए
जहाँ नब्बे साल की दादी
अकेले ही रात को
पहाड़ों में
एक लाठी के साथ
अपनी गाय को
खोजने के लिए निकल जाती है
दिनेश जुगरान
About the poet

दिनेश जुगरान

View profile & all 16 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like