मेरे और तुम्हारे बीच - दिनेश जुगरान

दिनेश जुगरानदिनेश जुगरान26 Sept 1945

5 min read · 12.4K reads

जब मैं मिलता हूँ तुमसे
कोई बात नहीं करता
मेरी बातों और
तुम्हारे बीच
इतनी दूरी हो गई है
मैं तुम्हें कोई भी
आप बीती नहीं सुना सकता
कोई एक घास का तिनका भी
नहीं बचा है
मेरे अन्दर जिसे
शब्दों के बदले मैं दे सकूँ

ये समय वैसे भी
लंबी-लंबी बातें
करने का
नहीं रह गया है
सबकी कलाइयों में घड़ियाँ
अलग-अलग समय दिखा रही हैं

तुम वैसे
कुछ सुनने को तैयार भी नहीं हो
तुम्हें एहसास है
मेरे पास कहने को कुछ नया नहीं है
तुम्हारी चुप्पी से मुझे कोई भय नहीं है
डर मुझे सिर्फ
तुम्हारी आँखों से है
जो लगातार पैनी होती जा रही है

तुम करो कोई बात
या मैं दूँ कोई जवाब
कोई फर्क नहीं पड़ता है
समय की खामोशी को
आओ आपस में बाँट लेते हैं

देखो, बाहर रात का अँधेरा है
पूरी दोपहर तुम काफी बोल चुके हो
अँधेरा महसूस करो
सुबह जागते समय
फिर चिल्ला लेना
दिनेश जुगरान
About the poet

दिनेश जुगरान

View profile & all 16 Poems / Stories