दब गए हैं स्वर यहाँ - दिनेश गौतम

दिनेश गौतमदिनेश गौतम25 Sept 1963

3 min read · 12.4K reads

किस तरह से दब गए हैं स्वर यहाँ,
नोंच कर फेंके गए हैं पर यहाँ।

दाँत के नीचे दबेंगी उँगलियाँ,
है उगी सरसों हथेली पर यहाँ।

टोपियाँ कुछ ख़ुश दिखीं इस बात पर,
कुछ किताबें बन गईं अनुचर यहाँ।

धीमे- धीमे भीगता है मन कहीं,
रिस रही है याद की गागर यहाँ।

मेमना भारी न पड़ जाए कहीं,
शेर को अब लग रहा है डर यहाँ।

एक दिन गूँगी ज़ुबानें गाएँगी,
बात फैली है यही घर-घर यहाँ।

तन रही हैं धीरे-धीरे मुट्ठियाँ,
मुट्ठियों में बंद हैं पत्थर यहाँ।
दिनेश गौतम
About the poet

दिनेश गौतम

View profile & all 10 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like