सफल मनुष्य

धीरेंद्र 'धवल'धीरेंद्र 'धवल'18 May 1990

1 min read · 12.4K reads

 

सफल मानुष
अक्सर गिर जाता है
गुमान के जोर में

वह गिरता है ओलों की मानिंद
गरजता है तो उन बादलों की तरह
जिनमें आवाज़ होती है बरसात नहीं

बहता है तूफ़ान की तरह
उड़ा ले जाता है झोपड़ी, झुग्गी और खलिहान 

उसके निगाहों में गड़ जाती है
अपने ही भाई और चाचा की ज़मीन

उसकी उड़ान में छूट जाता उसका गाँव
उसके पड़ाव में नहीं आता
अपने संघर्षरत दोस्तों का मकान

वह हर उस चीज़ की क़ीमत तय करता
जिसका कोई बाज़ार नहीं होता
मुद्राओं से तौल देना चाहता है
प्रेम, ईमानदारी और दुःख के दिनों को भी

उसे अपना तमग़ा इतना भारी लगने लगता
नहीं बन पाता वह तमग़े के बाहर का इंसान

सफल मानुष होना यदि यही है
बज्र पड़े उस मानुष पर
जिसे होना था महोगनी1  
वह काँटों के झाड़ में बदल गया

धीरेंद्र 'धवल'
About the poet

धीरेंद्र 'धवल'

नई पीढ़ी के कवि। मूल नाम : धीरेंद्र 'धवल' जन्म : 18/05/1990 | मऊ, उत्तर प्रदेश

View profile & all 21 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like