सत्रह बरस के दो लड़कों ने
खेल-खेल में तोड़े कई पके फल
उन्होंने प्रेम किया और फल खाया
फल खाया और प्रेम किया
जहाँ-जहाँ किया उन्होंने प्रेम
वहीं बो दिए फलों के बीज
उन पेड़ों पर उग आए कई फल
कुएँ पर जाती औरतों ने
हँसते-गाते मन भर खाए फल
उनसे जने लड़कों ने उन्हीं पगडंडियों पर
जिन्हें उनकी माँओं ने
कुएँ पर जाते हुए बनाया था
पेड़ों से फल खाने के लिए
खेले जाने कैसे-कैसे कितने खेल
बड़े होते लड़कों ने पढ़ा धर्म और विज्ञान
उन्होंने काट दिया पेड़ों को
ताकि मंदिर और बड़े संस्थान बनें
उन्होंने औरतों को कह दिया गँवार
क्योंकि वे पढ़कर शहर बसा चुके थे
उन्होंने उन सत्रह बरस के लड़कों को
जो अब बूढ़े हो चले थे
और अब भी प्रेम करते और फल खाते
धर्म और विज्ञान से बेदख़ल कर दिया
बूढ़े हो चुके लड़कों के पास
न बचे फल, न पेड़
न कुआँ, न पगडंडियाँ
केवल बचा प्रेम
धर्म और विज्ञान के विरुद्ध








