शब्दों की पवित्रता के बारे में

चंद्रकांत देवतालेचंद्रकांत देवताले7 Nov 1936 – 14 Aug 2017

1 min read · 12.4K reads

रोटी सेंकती पत्नी से हँसकर कहा मैंने

अगला फुलका बिल्कुल चंद्रमा की तरह बेदाग़ हो तो जानूँ

उसने याद दिलाया बेदाग़ नहीं होता कभी चंद्रमा

तो शब्दों की पवित्रता के बारे में सोचने लगा मैं

क्या शब्द रह सकते हैं प्रसन्न या उदास केवल अपने से

वह बोली चकोटी पर पड़ी कच्ची रोटी को दिखाते

यह है चंद्रमा जैसी दे दूँ इसे क्या बिना ही आँच दिखाए

अवकाश में रहते हैं शब्द शब्दकोश में टँगे नंगे अस्थिपंजर

शायद यही है पवित्रता शब्दों की

अपने अनुभव से हम नष्ट करते हैं कौमार्य शब्दों का

तब वे दहकते हैं और साबित होते हैं प्यार और आक्रमण करने लायक़

मैंने कहा सेंक दो रोटी तुम बढ़िया कड़क चुंदड़ी वाली

नहीं चाहिए मुझको चंद्रमा जैसी।

चंद्रकांत देवताले
About the poet

चंद्रकांत देवताले

सातवें दशक के समादृत कवि। साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित। मूल नाम : चंद्रकांत देवताले जन्म : 07/11/1936 | बैतूल, मध्य प्रदेश निधन : 14/08/2017 | इंदौर, मध्य प्रदेश समकालीन हिंदी कविता के प्रमुख कवि चंद्रकांत देवताले का जन्म एक मध्यमवर्गीय परिवार में 7 न…

View profile & all 50 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like