आया आषाढ़ सावन
आई पावस की झड़ी
कितनी चातक-चोंचों से
पिऊँ वर्षा ऋतु बड़ी!
काली मिट्टी के ढेलों का
गंध कलियों में आया;
काली कोलतार सड़कों पर
निर्मल निभृत समाया
चालों में भी भीजी हुई
चिन्दियाँ भी हुई गीली
गीले कवेलुओं पर से
मेघ सूँघते हैं लाली
गीले पत्रों पर रेखाएँ
पढ़ते हैं गीले पाखी
और तोतई रंगों की
जंगलों ने की नक्काशी
यहाँ शरमा गया यम
थोड़ी शरमाई बिजली
भागते हुए क्षणों को भी
मिली मधुरिमा गीली
मन के तपे हुए तार
ज़रा ठंडे हुए शांत
आया आषाढ़ सावन
शीत हुए दिशा-पंथ
आया आषाढ़ सावन
आई पावस की झड़ी
कितनी चातक-चोंचों से
पिऊँ वर्षा ऋतु बड़ी!








