इक मुद्दत के बा'द मिली एहसास जगाती तन्हाई
ख़ामोशी से धीरे धीरे घर महकाती तन्हाई
आवाज़ों की भीड़ में जब भी मुझ को परेशाँ देखा है
हाथ पकड़ कर ले आई है कुछ समझाती तन्हाई
आँखों से जब नींद भटक कर सहरा सहरा घूमती है
मेरे सिरहाने रात गए तक लोरी गाती तन्हाई
बचपन में जब गर्म दो-पहरी नंगे पाँव फिरती थी
आम के बाग़ों में मिलती थी रस बरसाती तन्हाई
प्यार की ख़्वाब-रुतों में कैसी जागी सोई रहती थी
चाँद हिंडोले में झूली थी जब मध-माती तन्हाई
पहरों हम ने बातें की हैं पहरों ख़्वाब सजाए हैं
मैं रोई तो मुझ से छुप कर अश्क बहाती तन्हाई
बहुत दिनों के बा'द सँवर कर अपना चेहरा देखा था
आईने से झाँक रही थी आँख चुराती तन्हाई








