संभावना सरकार में वह एक चीज़ जो मुझे बहुत अच्छी लगती थी
मैं क्या बताऊँ वह एक चीज़ क्या थी उस बला की बदसूरत और बेवक़ूफ़ औरत में। वह थी और बर्दाश्त नहीं करती थी। वह कुछ गोपनीय कहने के लिए मुझसे कान पास लाने को कहती और फिर मेरे कान में इस क़दर ज़ोर से बोलती कि सारा आस-पास सुनता। वह धत्त, कद्दू, ठेंगा और कुछ अँग्रेज़ी शब्दों का ग़लत उच्चारण के साथ ग़लत जगह और मेरे सिर में दर्द मत कीजिए, काली माँ सब कुछ देखती है, चलिए हटिए यहाँ से... जैसे वाक्यों का मेरे साथ बातचीत में जब-तब प्रयोग करती थी। वह वर्ष में केवल एक बार संभोग करती थी और बाक़ी दिन रवींद्र संगीत सुनती थी। वह दो दिन में एक बार नहाती थी और ख़ूब मछली खाती थी। और... और क्या बताऊँ... वह सदा एक संभावना ही बनी रही मेरे लिए। वह जल गई या जला दी गई मैं क्या जानूँ। लेकिन मैं यह ज़रूर जानना चाहता हूँ कि आप आख़िर संभावना सरकार पर डॉक्यूमेंट्री क्यों बना रही हैं?








