सवाल अंतहीन

अशोक भारतीअशोक भारती

1 min read · 12.4K reads

ज़िंदगी—

अंतहीन सवालों का सिलसिला,

कभी तुम करो, कभी मैं,

और दिन गुज़रते जाएँ,

सवालों में, जवाबों में,

अंतहीन मुलाक़ातों में।

सवाल—

सतरंगे सपनों के कैनवास,

रंग तुम भरो या भरूँ मैं,

और उभरती जाएँ तस्वीरें,

तुम्हारी—मेरी,

एक अंतहीन कैनवास पर।

संवेदनाएँ—

सवालों के सामने शून्य,

एकटक आकाश तकती हुईं,

विरही पपीहे की तरह

तड़पतीं, बिलखतीं,

अंतहीन इंतज़ार में।

और प्यार—

अंतहीन सवालों के बीच,

बिल्ली के पंजों में फड़फड़ाता कबूतर,

टूटता जाए-हर पल,

सवालों में, जवाबों में,

अंतहीन मुलाक़ातों में।

अशोक भारती
About the poet

अशोक भारती

दलित-संवेदना और सरोकारों के लिए उल्लेखनीय कवि-कार्यकर्ता।

View profile & all 10 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like