नीच, अछूत 'हरिजन' न होता

अशोक भारतीअशोक भारती

1 min read · 12.4K reads

धरती को चीरकर सोना उगाने वाले,

पत्थरों को तोड़कर सड़कें बनाने वाले,

काश तूने उन खोपड़ियों को तोड़ा होता—

जो तेरी ग़ुलामी का मकड़जाल बुनती हैं।

गाँव-दर-गाँव ढोर चराने वाले,

तिलों को पेलकर, तेल बनाने वाले,

काश तूने उन 'तिलों' को पेला होता—

जो तुझे तिल-तिल गलाते हैं।

सिर पर दुनिया का गू-मूत उठाने वाले,

बलशाली हाथों से झाड़ू ले कूड़ा हटाने वाले,

काश तूने ‘उस कूड़े' को हटाया होता—

जो तेरी क़ौम को कूड़ा बनाता है।

सदियों से गाँव की पहरेदारी करने वाले,

मरे ढोरों की खाल खींचने वाले,

काश तूने ‘उन मुरदारों' की खाल खींची होती—

जो तुझे मुर्दा बनाते हैं।

चमड़े को गाँठकर जूता बनाने वाले,

पत्थरों को गढ़कर भगवान बनाने वाले,

काश तूने एक हथियार गढ़ा होता—

तो आज तू नीच, अछूत 'हरिजन' न होता।

अशोक भारती
About the poet

अशोक भारती

दलित-संवेदना और सरोकारों के लिए उल्लेखनीय कवि-कार्यकर्ता।

View profile & all 10 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like